स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु बुरहानपुर में आयोजित होगा विशेष व्याख्यान

बुरहानपुर। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, शाखा – बुरहानपुर (मध्य प्रदेश) एवं चेतना महिला शाखा – बुरहानपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 15 मई 2025, गुरुवार को एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूज्य स्वामी आदित्य देवजी महाराज (युवा भारत केन्द्रीय पतंजलि योग पीठ, हरिद्वार) के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा, जिसका उद्देश्य जनमानस में योग, ध्यान तथा संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
यह व्याख्यान कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से माहेश्वरी भवन, ग्रीन पार्क, इंदिरा कॉलोनी, बुरहानपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बुरहानपुर सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्वस्थ जीवन के सूत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों को सपरिवार कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम के मुख्य विषय इस प्रकार रहेंगे :
1. योग एवं मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक व शारीरिक संतुलन प्राप्त करने की विधियाँ।

2. नित्य दिनचर्या में सुधार लाकर रोगमुक्त जीवन की दिशा में अग्रसर होना।

3. मानसिक तनाव से मुक्ति और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के सरल उपाय।

4. वर्तमान समय में व्यापार व व्यवसाय से जुड़े तनावों का समाधान और समर्पित जीवनशैली का महत्व।

पूज्य स्वामी आदित्य देवजी महाराज अपने प्रेरणादायी उद्बोधन के माध्यम से उपस्थितजनों को जीवन की दिशा बदलने वाले विचार प्रदान करेंगे। उनके प्रवचनों का लाभ अब तक देशभर के लाखों लोगों ने लिया है और उनका जीवन अधिक सुसंगठित एवं शांतिमय बना है। इस विशेष व्याख्यान में नागरिकों को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य की जानकारी मिलेगी, अपितु मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी उन्हें सशक्त बनने की प्रेरणा प्राप्त होगी।
मारवाड़ी युवा मंच परिवार, बुरहानपुर का यह प्रयास न केवल नगर के नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने वाला है, बल्कि यह आयोजन सामाजिक चेतना, योग जागरूकता और संतुलित जीवनशैली की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
इस कार्यक्रम की जानकारी महेंद्र कुमार पारीक, पूर्व प्रांतीय संयोजक - म.प्र. अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच एंव रामेश्वरम मंत्री, पूर्व अध्यक्ष ने दी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस प्रेरणास्रोत व्याख्यान का लाभ उठाएं।