महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, चूल्हे पर बनाई चाय

बुरहानपुर। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में महिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को शिकारपुरा पानी की टंकी क्षेत्र में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सिलेंडर चूल्हे पर रखकर चाय बनाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध किया, जिन पर ‘महंगाई का लड्डू’ और ‘संपत्ति कर में 25 प्रतिशत की वृद्धि’ जैसे नारे लिखे थे। इस दौरान महिलाओं ने घरेलू बजट पर बढ़ते बोझ को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।

महिला कांग्रेस नेत्री सरिता भगत ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। दाल, तेल के बाद अब गैस सिलेंडर की कीमतें भी आसमान छू रही हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को आमजन की पीड़ा समझनी चाहिए और मूल्यवृद्धि पर लगाम लगानी चाहिए।

प्रदर्शन में संगीता राठौर, मीरा चौहान, मंजुला बाई, लक्ष्मी बाई, आशा भोई सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एकजुट होकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।