कौन हैं दादाजी धूनीवाले ? क्यों उनकी गिनती भारत के महान संतों में की जाती है ? क्या थी उनकी लीलायें ? : आइये जानते हैं

बुरहानपुर - दादाजी धूनीवाले की गिनती भारत के महान संतों में की जाती है। दादाजी धूनीवाले का अपने भक्तों के बीच वही स्थान है जैसा कि शिर्डी के साईं बाबा का। उनका समाधि स्थल खंडवा शहर में है। 

दादाजी (स्वामी केशवानंदजी महाराज) एक बहुत बड़े संत थे और लगातार घूमते रहते थे। प्रतिदिन दादाजी पवित्र अग्नि (धूनी) के समक्ष ध्यानमग्न होकर बैठे रहते थे, इसलिए लोग उन्हें दादाजी धूनीवाले के नाम से स्मरण करने लगे।

18वीं सदी में एक बड़े साधु गौरीशंकर महाराज अपनी टोली के साथ नर्मदा मैया की परिक्रमा किया करते थे। वह शिव के बड़ भक्त थे। उन्होंने जब नर्मदा परिक्रमा पूरी की तब मां नर्मदा ने उन्हें दर्शन दिए। उन्होंने भगवान शिव के दर्शन की लालसा मां नर्मदा के सामने रखी। तब, मां नर्मदा ने कहा था कि तुम्हारी टोली में ही केशव नाम के युवा के रूप में भगवान शिव स्वयं मौजूद हैं। गौरीशंकर महाराज तुरंत ही दौड़े-दौड़े उनके पीछे भागे और केशव में उन्हें भगवान शिव का रूप दिखाई दिया। बस इसी दिन से दादाजी की पहचान हुई। 

दादाजी धूनीवाले को शिव का अवतार मानकर पूजा जाता है और कहा जाता है कि उनके दरबार में आने से बिन मांगी दुआएं भी पूरी हो जाती हैं।

दादाजी सदैव दिगंबर शरीर में रहते और हाथ में डंडा रखते थे।

दादाजी का जीवन वृत्तांत प्रामाणिक रूप से उपलब्ध नहीं है, परंतु उनकी महिमा का गुणगान करने वाली कई कथाएं प्रचलित हैं। दादाजी का दरबार उनके समाधि स्थल पर बनाया गया है।

देश-विदेश में दादाजी के असंख्य भक्त हैं। दादाजी के नाम पर भारत और विदेशों में सत्ताईस धाम मौजूद हैं। इन स्थानों पर दादाजी के समय से अब तक निरंतर धूनी जल रही है। 

मार्गशीर्ष माह में (मार्गशीर्ष सुदी १३) के दिन सन् 1930 में दादाजी ने खंडवा शहर में समाधि ली। यह समाधि रेलवे स्टेशन से 3 किमी की दूरी पर है।

राजस्थान के डिडवाना गांव में एक समृद्ध परिवार के सदस्य भंवरलाल दादाजी से मिलने आए। मुलाकात के बाद भंवरलाल ने अपने आपको धूनीवाले दादाजी के चरणों में समर्पित कर दिया। भंवरलाल शांत प्रवृत्ति के थे और दादाजी की सेवा में लगे रहते थे। दादाजी ने उन्हें अपने शिष्य के रूप में स्वीकार किया और उनका नाम हरिहरानंद रखा।

हरिहरानंदजी को भक्त छोटे दादाजी नाम से पुकारने लगे। दादाजी धूनीवाले की समाधि के बाद हरिहरानंदजी को उनका उत्तराधिकारी माना जाता था। 

हरिहरानंदजी ने बीमारी के बाद सन् 1942 में महानिर्वाण को प्राप्त किया। छोटे दादाजी की समाधि बड़े दादाजी की समाधि के पास स्थापित की गई।

गुरुपूर्णिमा पर तीन दिन के मेले में देश-विदेश से 5 लाख श्रद्धालु इनके दर्शन के लिए खंडवा पहुंचते हैं।

दादाजी धाम आने वाले भक्तों को प्रसादी के रूप में टिक्कड़, बूंदी मिलती है। भक्त बड़ी ही आस्था के साथ ये प्रसादी ग्रहण करते हैं।